मक्खनपुर। थाना क्षेत्र के नये बाईपास पर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार दंपती और उनका मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि मौके से गुजर रहे एक कार सवार युवक ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया।
आगरा के बोदला निवासी समीर (30) अपनी पत्नी दानिश्ता (25) और 4 वर्षीय पुत्र आयन के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल शिकोहाबाद जा रहे थे। जैसे ही वे मक्खनपुर के नए बाईपास पर पहुंचे, अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे पर फिसल गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों घायल लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। अपनी कार में गुजर रहे शंकर शर्मा ने उन्हें देखा। शंकर शर्मा ने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और घायलों को तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने दानिश्ता की हालत अधिक चिंताजनक होने के कारण उन्हें आगरा रेफर कर दिया है। थाना प्रभारी चमन कुमार शर्मा के अनुसार पुलिस को फिलहाल इस घटना के संबंध में कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है।