सिरसागंज। थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बुधवार रात किसी वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
बुधवार की रात जदुद्वारा के सामने नगला राधे मोड़ के पास यह दुर्घटना हुई। बाइक सवार हरविंदर (48) निवासी बजनी कोरारा और उनके साथी कमल किशोर निवासी किठोत शिकोहाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने हरविंदर को मृत घोषित कर दिया। कमल किशोर का उपचार जारी है, उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। इंस्पेक्टर वैभव सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए हाईवे पर लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।