शिकोहाबादफोटो-202-नारायण तिराहे पर सड़क किनारे खुदाई के दौरान सड़क पर बिछी मिट्टी। स्रोत संवाद
शिकोहाबाद। नगर में जल निगम की ओर से डाली जा रही पाइपलाइन की खुदाई के दौरान बृहस्पतिवार सुबह बीएसएनएल की केबल कट गई। इससे नारायण तिराहा से नारायण कॉलेज तक लैंडलाइन एवं इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गईं। विभाग को इस घटना से लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है।
सुबह करीब सात बजे ठेकेदार द्वारा सड़क किनारे खुदाई कराई जा रही थी। इसी दौरान मशीन ने भूमिगत केबल को काटकर उखाड़ दिया। इसका कुछ हिस्सा लोग ई-रिक्शा में डालकर ले गए, जिस पर विभाग ने मौके पर काम कर रहे कर्मचारियों पर ही चोरी का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं खुदाई के दौरान निकाली गई मिट्टी सड़क पर ही डाल दी गई। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर बीएसएनएल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, उन्होंने खुदाई का विरोध किया। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दी गई है। बीएसएनएल के एसडीओ देवेन्द्र सिंह ने बताया कि नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
इन्सेट
किसान नेता ने लगाया धमकाने का आरोप
इस बीच भारतीय किसान यूनियन (भानु) के मुख्य सचिव योगेश यादव की ठेकेदार एवं उसके साथियों से फोन पर बातचीत हुई। किसान नेता ने ठेकेदार पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 30 मार्च को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।