फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के मडुआ मोड़ पर एक तेज रफ्तार मैक्स ने मोटरसाइकिल सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगला शेख निवासी श्रीकिशन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को उनका भाई दीपक मोटरसाइकिल से मडुआ की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह मडुआ मोड़ के पास पहुंचा, तभी फतेहाबाद की ओर से फिरोजाबाद की तरफ जा रही एक मैक्स के चालक ने वाहन को तेजी और लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दीपक सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। सीओ सदर तेजस त्रिपाठी के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया है। मैक्स चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।