मुठभेड़ में घायल बदमाशों को ले जाती पुलिस।
- फोटो : पुलिस
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ पुलिस ने बाइक सवार दंपती से 50 हजार रुपये, सोने की चेन, मोबाइल की लूट करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। दोनों के पैर में गोली लगी है। उनके पास से 35 हजार 800 रुपये व सोने की चेन और तमंचा-कारतूस, बाइक, मोबाइल, पर्स, बरामद किए हैं। एक बदमाश मौके से फरार हो गया। घायल बदमाशों को पुलिस ने सरकारी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया है।
फरिहा के गांव इटौली निवासी मोहित अपनी पत्नी किरन के साथ काम से जा रहा था। तभी चनौरा के पास बाइक सवार बदमाशों ने दंपती से 50 हजार रुपये, सोने की चेन, मोबाइल से भरा पर्स लूट लिया था। रामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने सीओ सिटी अरुण कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया था। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस टीम को लूट के आरोपियों की नैपई के पास छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू कर दी। तभी एक बाइक पर कुछ युवक आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोका तो वह बाइक मोड़कर भागने लगे। इसमें बाइक फिसलकर गिर गई। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में ताजुउद्दीन उर्फ राजा निवासी जौंधरी थाना नारखी, नदीम निवासी हसमतनगर थाना रामगढ़ घायल हो गए। दोनों को सरकारी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया है। वहीं जौंधरी निवासी अकील मौके से फरार हो गया।
लूट की वस्तु मुकदमें नहीं की गईं थीं उजागर
पीड़ित मोहित ने बताया कि उसके साथ 28 मई को बाइक सवार बदमाशों ने लूट की थी। वह रकम लेकर किसी जरूरी काम से जा रहा था। वारदात के बाद जब उसने थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने उस प्रार्थना पत्र को स्वीकार नहीं किया। पुलिस की ओर से अपने हिसाब से प्रार्थना पत्र लिखवाया गया था। जिसमें सिर्फ जेवर और नकदी, पर्स का जिक्र किया गया। लूट की वस्तु की संख्या और नाम उजागर नहीं होने दिए गए।