101, टूंडला में पुलिस मुठभेड़ के आरोपी योगेश व बरामद बाइकें व तमंचा कारतूसपुलिस
- फोटो : Archive
टूंडला। थाना पुलिस ने बुधवार रात एक मुठभेड़ के दौरान वाहन चोर विकास और उसके साथी योगेश को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी विकास के पैर में गोली लगी थी, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार सुबह वह शौचालय जाने के बहाने सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर भाग गया, लेकिन पुलिस ने 30 मिनट के भीतर ही उसे अस्पताल परिसर से दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि गेल गैस गोदाम के पीछे चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले अंतर्जनपदीय बदमाश विकास निवासी हुमायूंपुर के पैर में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगी थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके बिना चोट आए साथी योगेश को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
5 चोरी की बाइकें और अवैध असलहा बरामद
पकड़े गए दोनों शातिर चोरों के कब्जे से पुलिस ने दो तमंचे, छह कारतूस और आगरा-फिरोजाबाद के विभिन्न थानों जैसे टूंडला, मटसेना, एत्मादपुर, एत्माद्दौला से चोरी की गई 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी विकास के खिलाफ विभिन्न थानों में 11 और योगेश के खिलाफ 7 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।