फिरोजाबाद। विश्व विख्यात संत बाबा नीब करोरी की जन्मभूमि, अकबरपुर अब जल्द ही नए और भव्य स्वरूप में नजर आएगी। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने बृहस्पतिवार को यहां चल रहे पर्यटन विकास कार्यों और निर्माणाधीन मल्टीपरपज हॉल का निरीक्षण किया। डीएम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अवशेष कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए।
डीएम ने बताया कि लगभग 8.65 करोड़ रुपये की इस परियोजना का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। मल्टीपरपज हॉल का ढांचा बनकर तैयार है और वर्तमान में प्लास्टर व फेंसिंग का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। इस स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए ज्ञान और विश्राम के लिए आधुनिक केंद्र बनाया जा रहा है। बाबा के जीवन और मानवता के संदेशों को दर्शाती सांस्कृतिक दीवारें और उद्यान हैं। संपूर्ण परिसर साउंड सिस्टम, एसी सिस्टम और डीजी सेट जैसी सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
यह पावन भूमि केवल धार्मिक केंद्र नहीं, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक है। डीएम ने बताया कि सरकार का प्रयास है कि समय सीमा से पूर्व अधिकतम सुविधाएं क्रियाशील कर दी जाएं। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। निरीक्षण के दौरान सीडीओ शत्रोहन वैश्य, एडीएम विशु राजा, एसडीएम अंकित वर्मा, पीडी सुभाष चंद्र त्रिपाठी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद