फिरोजाबाद। जिजौली मोहल्ले में सोमवार को मयंक (14) की हत्या उसके पिता ने गर्म पानी का लोटा न देने पर की थी। आरोपी पिता राजेश कुमार राजपूत को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर मक्खनपुर थाना पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया और हत्या में प्रयुक्त हंसिया और एक चाकू बरामद कर लिया।
पिता की गिरफ्तारी से पूर्व सुबह करीब 10:30 बजे मयंक के ननिहाल पक्ष ने जिजौली में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारी मार्ग से हटे। दोपहर बाद पोस्टमार्टम कराकर शव ननिहाल पक्ष के लोग गांव ले गए और शाम को पुलिस के पहरे में अंतिम संस्कार किया गया।
पूछताछ में आरोपी पिता राजेश राजपूत (मूल निवासी गांव नगला मवासी, मटसैना व हाल निवासी जिजौली, मक्खनपुर) ने वारदात पर पछतावा जताते हुए बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे बेटी के ट्यूशन जाने के बाद घर में मयंक और वह अकेले थे। उसने गैस पर एक लोटे में पानी गर्म होने के लिए रखा था। मयंक से उसने लोटा उठाकर देने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। दूसरी बार कहने पर उसने मां से शिकायत करने की धमकी दी।
इस पर वह आपा खो बैठा और पास रखे हंसिये को उठाकर मयंक पर फेंका, जो उसकी आंख के पास जाकर लगा। खून निकलने पर मयंक सीढ़ियों की ओर भागते समय गिर गया और सिर पर चोट लगने से खून निकलने लगा। मयंक अचेत हो गया। यह देख वह डर गया कि पत्नी उर्मिला मायके वालों को बुलाकर उसे पिटवाएगी और पुलिस भी बेटे पर जानलेवा हमले में जेल भेजेगी। इसके बाद उसने बेटे पर हंसिये और सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।
मयंक की मृत्यु होने पर उसके शव को बक्से में छिपाया। इस बीच 2:45 बज गए। पत्नी के आने का समय होने के कारण वह घर में फैले खून की आधी-अधूरी सफाई कर भाग निकला। घर से भागने के बाद कुछ देर पास के पार्क में बैठा रहा। वहीं पर उसे घर पर पुलिस पहुंचने की जानकारी हुई। गिरफ्तारी के डर से क्षेत्र में ही यहां-वहां छिपकर रात काटी।
पत्नी की भी करना चाहता था हत्या राजेश ने बताया कि वह बेटे की हत्या करना नहीं चाहता था। अचानक हुए घटनाक्रम में उसने यह हत्या कर दी। राजेश ने यह भी बताया कि वह बेटे की हत्या के दौरान पत्नी की भी हत्या करना चाहता था। राजेश के बयान और पुलिस की जांच में मयंक पर 20 से 25 बार हंसिया और चाकू से हमले की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस इसकी तस्दीक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से करने में जुटी है। बुधवार को रिपोर्ट मिलेगी। राजेश के हाथ के अंगूठे व कुछ अंगुलियों में भी चाकू से हमले के दौरान चोट के निशान मिले हैं।
गांव में हुआ अंतिम संस्कार
मयंक का अंतिम संस्कार उसके ननिहाल पक्ष व गांव के लोगों ने नगला मवासी, मटसैना में किया। इस दौरान उसके पिता के पक्ष से कोई भी परिजन अंतिम बार चेहरा तक देखने नहीं आया।
एफएसएल जांच के लिए भेजे जाएंगे साक्ष्य
पुलिस ने राजेश से हत्या में प्रयुक्त चाकू व हंसिया के अलावा खून से सना बोरा, बक्सा, घर के फर्श, दीवारों पर मिले रक्त के सैंपल एकत्र किए हैं। इसके अलावा आरोपी के हाथ में लगे चाकू और हंसिये से हमले के दौरान कट के निशानों से भी सैंपल लेकर उनकी फोटोग्राफी कराई है। इन सभी को जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा। इसके अलावा राजेश के कपड़ों पर बच्चे मयंक के खून के निशान मिले हैं।