फिरोजाबाद। जिले में औद्योगिक विकास और पूंजी निवेश को रफ्तार देने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। नसीरपुर में एक्सप्रेसवे परियोजना के पास 400 एकड़ के करीब भूमि पर औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने के लिए अवस्थापना सुविधाओं के निर्माण कार्य के लिए लगभग 146.88 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
शासन के संयुक्त सचिव निर्मेष कुमार शुक्ल द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस परियोजना के निर्माण कार्य के लिए अनुमोदित लागत के सापेक्ष लगभग 51.41 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है । यह धनराशि यूपीडा के माध्यम से कॉरिडोर में बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर खर्च की जाएगी।
शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परियोजना की विशिष्टियों, मानक और गुणवत्ता की पूरी जिम्मेदारी यूपीडा की होगी। साथ ही, कार्यदायी संस्था को यह सुनिश्चित करना होगा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण हो, ताकि भविष्य में लागत बढ़ने की स्थिति उत्पन्न न हो।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ
एक्सप्रेसवे के किनारे इस औद्योगिक कॉरिडोर के विकसित होने से फिरोजाबाद में बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश की संभावना बढ़ेगी। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि जनपद के कांच उद्योग और अन्य व्यवसायों को भी वैश्विक स्तर पर नया विस्तार मिलेगा। शासनादेश में कड़े निर्देश दिए गए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल उसी मद में किया जाएगा जिसके लिए वह जारी की गई है। कार्यों की दोहराव रोकने के लिए भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।