शिकोहाबादफोटो-201-मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी ऑटो चालक। स्रोत संवाद
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। संगम एक्सप्रेस से उतरी युवती से सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश करने के आरोपी ऑटो चालक को बुधवार रात मुठभेड़ में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। उपचार के बाद बृहस्पतिवार को उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी ऑटो चालक राजेश कुमार निवासी नगला कन्हई के पिता होमगार्ड हैं और शिकोहाबाद थाने में ही तैनात हैं। बुधवार रात पुलिस मुठभेड़ में बेटे की गिरफ्तारी के बाद पिता ने भी उससे पल्ला झाड़ लिया और पत्नी भी राजेश की इस हरकत को सुनकर हैरान रह गई।
बता दें कि फर्रुखाबाद की रहने वाली 27 वर्षीय पीड़ित युवती हिमाचल प्रदेश की एक फार्मा कंपनी में कार्यरत है, 7 अक्टूबर की रात संगम एक्सप्रेस से शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरी थी। उसने मैनपुरी चौराहे जाने के लिए एक ऑटो लिया। वहां से फर्रुखाबाद की बस में सवार होना था। पीड़िता के अनुसार, ऑटो में एक फौजी भी सवार था, जिसे ऑटो चालक ने विशाल मेगा मार्ट के पास उतार दिया। फौजी के उतरने के बाद ऑटो चालक सुनसान स्थान की ओर जाने लगा। विरोध करने पर भी जब उसने ऑटो नहीं रोका, तो आबरू बचाने के लिए हिम्मत दिखाई और अपना सामान छोड़कर चलते ऑटो से कूद गई। ऑटो चालक उसका बैग लेकर भाग निकला।