जसराना। थाना क्षेत्र के गांव नगला सुखी निवासी किसान पर सरकारी जमीन की बिक्री करने का आरोप लगा है। हल्का लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरु कर दी है। किसान द्वारा जमीन की बिक्री करने की शिकायत एक ग्रामीण द्वारा जिलाधिकारी से की गई थी। शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई है।
थाना जसराना के गांव मुस्तफाबाद निवासी पुनीत ने जिलाधिकारी से नगला सुखी निवासी भीष्मपाल पर सरकारी जमीन की बिक्री करने का आरोप लगा जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम को कार्रवाई करने का आदेश दिया। एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने हल्का लेखपाल एवं काननूगो को जांच करने का निर्देश दिया।
जांच के दौरान मामला सही पाए जाने पर हल्का लेखपाल मनोज कुमार ने किसान के खिलाफ सरकारी जमीन की बिक्री करने की तहरीर कोतवाली जसराना में दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। लेखपाल मनोज कुमार ने बताया उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई है।