फोटो 302 विद्युत करंट लगने से हुई मनोरमा का फाइल फोटो
- फोटो : Archive
सिरसागंज। थाना नगला खंगर क्षेत्र के ग्राम नगला ताल में एक घटना में, गली में पड़ी कटी हुई बिजली की केबल में करंट उतर आने से मनोरमा देवी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्राम नगला ताल निवासी मनोरमा देवी (40) पत्नी हरिशंकर, बृहस्पतिवार दोपहर अपने पशुओं को चारा डालने के लिए घेर जा रही थीं। इसी दौरान, गली में बिछी बिजली की केबल के कटे हुए हिस्से पर उनका पैर पड़ गया। केबल में प्रवाहित हो रहे तेज करंट के कारण मनोरमा देवी बुरी तरह झुलस गईं और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं।
मां को तड़पते और बेसुध पड़ा देख उनकी बेटी मोना ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी सिरसागंज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मनोरमा देवी को मृत घोषित कर दिया।
मृतका के देवर राहुल ने बताया कि मनोरमा देवी के दो छोटे बच्चे हैं। उनकी अचानक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, ग्रामीणों ने खुले और कटे तारों को समय पर न बदलने के लिए बिजली विभाग के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। यह घटना बिजली सुरक्षा के प्रति विभाग की संवेदनहीनता को उजागर करती है।