फिरोजाबाद। जिला पंचायत वित्तीय वर्ष 2021-22 में जिले के ग्रामीण अंचल में 21 करोड़ रुपये की धनराशि से विकास कार्य कराएगी। पंद्रहवें एवं राज्य वित्त से जिला पंचायत को मिलने वाले बजट से सड़कों के निर्माण सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। इस धनराशि से होने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव जिला पंचायत सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों से लिए जाएंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर हर्षिता सिंह चुनी गई हैं। चुनाव के बाद नए वित्तीय वर्ष में ग्रामीण अंचल में जिला पंचायत से कराए जाने वाले कार्यों का खाका तैयार किया जाएगा। जिला पंचायत की पहली बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 में ग्रामीण अंचल में विकास कार्य कराने के प्रस्तावों को हरी झड़ी प्रदान की जाएगी। जिला पंचायत सदस्यों ने अपने क्षेत्र के विकास के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं। जिला पंचायत विभाग के सूत्रों की मानें तो राज्य वित्त एवं पंद्रहवें वित्त से जिला पंचायत को करीब 21 करोड़ रुपये का बजट आवंटित होगा।
इसमें ग्रामीण अंचल में पशु हाट के साथ अन्य हाट पर लगने वाले टैक्स आदि पर विचार किया जाएगा। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत देशराज सिंह ने कहा कि जिला पंचायत नए वित्तीय वर्ष में ग्रामीण अंचल में 21 करोड़ से अधिक के विकास कार्य राज्य वित्त एवं पंद्रहवें वित्त से कराएगी। जिला पंचायत सदस्यों से प्रस्ताव लिए जाएंगे।
स्कूलों से जुड़ी कृषि योग्य भूमि को पट्टे पर उठाएगी जिला पंचायत
फिरोजाबाद। जिला पंचायत आय बढ़ाने के लिए ग्रामीण अंचल में संचालित स्कूलों से लगी भूमि को दो वर्ष फसल उगाने के लिए पट्टे पर आवंटन करने का फैसला लिया है। जिला पंचायत के द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 के लिए ग्राम उखाड़, साढ़ूपुर, गलपुरा, बलीपुर, सोथरा, पैगू, गुढ़ा, निजामपुर गढ़ूमा, नगला गुलाल, उसायनी, उरावर में बनें प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूल से लगी कृषि भूमि शामिल है।