शिकोहाबाद। मैनपुरी तिराहे के निकट नाले में मिले हलवाई बृजेश यादव की मौत का मामला फिर से गरमा गया है। मृतक की पत्नी एवं बहनों ने हत्या की आशंका जताई है। इसके चलते पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
मोहल्ला कटरा मीरा निवासी बृजेश बड़ा बाजार में हलवाई का काम करता था। वह दिवाली का पूजन करने के बाद पत्नी से 500 रुपये लेकर घर से निकला था। वह शराब पीने का आदी था। 9 नवंबर को उसका शव मैनपुरी तिराहे के पास नाले में पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया था। अब इस मामले में मृतक की पत्नी, बहनों और अन्य परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
उन्होंने सवाल खड़े किए हैं कि आखिरकार बृजेश का शव नाले में कैसे पहुंच गया।
पुलिस ने बृजेश के घर से निकलने से लेकर उसकी मौत कैसे हुई, शव नाले में कैसे पहुंचा। इसकी पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सीओ जयबिंद गुप्ता का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।