फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 का बिगुल फूंकने में अब महज छह माह का समय शेष रह गया है। ऐसे में जिले की पांचों विधानसभा सीट टूंडला, सदर, शिकोहाबाद, सिरसागंज और जसराना पर राजनीतिक सरगर्मियां कांग्रेस की ओर से भी तेज हो गई हैं। सूबे की सत्ता में वापसी की राह तलाश रही कांग्रेस ने इस बार अपनी चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी हाईकमान ने जिले के पुराने और भरोसेमंद नेताओं की रायशुमारी के आधार पर प्रत्येक सीट से तीन-तीन संभावित उम्मीदवारों के नाम पिछले दिनों हासिल किए हैं। इन नामों को सार्वजनिक करने के बजाय, प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व धरातल पर इनके जनप्रभाव और जिताऊ क्षमता को जांचने के लिए एक गुपचुप सर्वे करवा रहा है।
पार्टी के पुराने नेताओं के मुताबिक, कांग्रेस इस बार टिकट वितरण में किसी भी प्रकार की जल्दबाजी या सिफारिशी चेहरों को तवज्जो देने के मूड में नहीं है। बंद कमरों में तैयार हुई तीन-तीन दावेदारों के नामों के पैनल पर गुप्त टीमें विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता और कार्यकर्ताओं का मूड भांप रही हैं। इस गोपनीय कवायद का मकसद ऐन वक्त पर होने वाले अंतर्कलह को रोकना और केवल सबसे मजबूत चेहरे पर ही दांव लगाना है।