शिकोहाबादफोटो-203-निजी अस्पतालों में फायर सेफ्टी के इंतजाम का निरीक्षण करती अग्निशमन विभाग की
- फोटो : samvad
शिकोहाबाद। लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद अग्निशमन विभाग ने कमर कस ली है। टीम ने बृहस्पतिवार को मैनपुरी सर्विस रोड पर निजी अस्पताल और कोचिंग सेंटर पर छापेमारी की। टीम ने सभी को नोटिस जारी किए हैं।
बृहस्पतिवार को अग्निशमन विभाग शिकोहाबाद के प्रभारी ब्रजेश कुमार ने नायब तहसीलदार शिकोहाबाद अजीम अहमद के नेतृत्व में अपनी टीम के साथ छापेमारी की। टीम ने मैनपुरी चौराहे की सर्विस रोड स्थित नंदनी अस्पताल को चेक किया। इसमें फायर सिस्टम खराब मिली। इसके अलावा आस्था एनीमेशन इंस्टीट्यूट बेसमेंट में संचालित होता हुआ मिला। फायर सेफ्टी का कोई इंतजाम नहीं था। इसके बाद टीम जय सच्चिदानंद अस्पताल पहुंची।
यहां टीम को इमरजेंसी एग्जिट के दरवाजे पर सामान रखा हुआ मिला। इसके बाद टीम ने इसी मार्ग पर भगवान देवी अस्पताल को भी चेक किया। यहां भी हालात खराब मिले। इमरजेंसी एग्जिट पर ताला लगा हुआ था। अंत में राधे-कृष्णा अस्पताल को चेक किया, यहां इमरजेंसी एग्जिट पर अतिक्रमण हो रखा था। फायर सिलिंडर भी खाली मिले। इसके अलावा फायर सिस्टम की मोटर भी खराब थी। टीम ने सभी निजी अस्पतालों एवं कोचिंग सेंटर को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के अंदर सभी कमियों को दुरुस्त कराए जाने की चेतावनी दी है।