फिरोजाबाद। वीनस ऑटो से हनुमानगढ़ तक 18.6 करोड़ रुपये की सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सर्विस रोड, भूमिगत विद्युतीकरण और ओवरब्रिज के नीचे सौंदर्यीकरण कार्य में धांधली को लेकर पार्षदों ने बृहस्पतिवार दोपहर हंगामा किया।
निगम पार्षद रेखा यादव, पूनम शर्मा, विजय शर्मा और वार्ड 9 के पार्षद प्रतिनिधि पवन गुप्ता ने जब पुल के नीचे फर्श निर्माण में सीमेंट व मौरंग के साथ यमुना बालू की मिलावट देखी तो वे भड़क गए। इसके साथ ही भूमिगत विद्युतीकरण के लिए बनाए जा रहे चैंबरों में भी भारी खामियां पाई गईं। पार्षदों ने निगम अधिकारियों व ठेकेदार पर पुल के नीचे पहले से लगी इंटरलॉकिंग ईंटों और मिट्टी को बेचने का भी सीधा आरोप लगाया। गुणवत्ता से खिलवाड़ के खिलाफ पार्षदों ने कार्यदायी संस्था को ब्लैकलिस्ट करने और उस पर भारी जुर्माना लगाने की मांग की है। निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वालों में पार्षद आशीष दिवाकर और मुनेंद्र यादव भी शामिल रहे। वहीं, सीएनडीएस कार्ययोजना प्रभारी (सहायक अभियंता नगर निगम) रमाशंकर राम ने माना कि मौके पर कुछ खामियां दिखी हैं और इसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।