फिरोजाबाद। परिषदीय स्कूलों में अब छात्र-छात्राओं की उपस्थिति के लिए सख्ती शुरु हो गई है। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसकी निगरानी के लिए स्टूडेंट अटेंडेंस प्रोजेक्ट को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जोड़ दिया है। अब हर दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है।
विभाग ने वर्ष 2023 में स्कूलों की 12 अलग-अलग पंजिकाओं को डिजिटल रूप में संचालित करने का आदेश दिया था, जिनमें छात्र उपस्थिति पंजिका भी शामिल थी। इस दिशा में काम करते हुए सभी विद्यालयों को टैबलेट भी वितरित किए गए थे। हालांकि, शुरू में कुछ शिक्षक संगठनों ने इस व्यवस्था का विरोध किया था, विशेषकर ऑनलाइन हाजिरी को लेकर। लेकिन अब इस व्यवस्था को पूरी तरह लागू कर दिया गया है।
स्टूडेंट अटेंडेंस सिस्टम की मॉनीटरिंग अक्टूबर माह से फिरोजाबाद की शैक्षिक रैंकिंग में भी की जाएगी। बीएसए आशीष पांडेय ने बताया कि कक्षा-वार डिजिटल उपस्थिति अब सीधे सीएम डैशबोर्ड पर दिखेगी। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडेय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा है कि यदि किसी भी स्कूल में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही बरती गई, तो उस विद्यालय के प्रधानाध्यापक के साथ-साथ संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को भी जवाबदेह माना जाएगा।