फिरोजाबाद। जिले में भाजपा के संगठनात्मक चुनाव को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। रविवार को पर्यवेक्षक के रूप में आई गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल पार्टी कार्यालय में भाजपा के पुराने नेताओं, मंडल अध्यक्षों व दावेदारों से मिली। करीब 30 से अधिक नेताओं ने खुद को पार्टी के लिए पूरी तरह वफादार बताते हुए अपनी दावेदारी जताई। इसमें कई ऐसे नेता भी रहे जो पहले दूसरी पार्टी में रहे। जबकि प्रदेश में सत्ता बदलने पर पार्टी से जुड़े। पर्यवेक्षक ने एक -एक कर जिले के भाजपा के नेताओं में क्या चल रहा है, उनकी बात पूछी। एक-एक कर सभी से रुबरु हुई। बंद कमरे में नेताओं ने अपना परिचय दिया। तेज तर्रार पर्यवेक्षक ने हर नेता से दूसरे नेता का नाम पूछा, तो फिर क्या नेताजी ने सोचा कि वह कमजोर न पड़े तो उन्होंने दबी जुबान से कहा कि हां उक्त व्यक्ति ठीक तो हैं लेकिन उनके साथ संगठन नहीं है। कार्यकर्ता को एकजुट लेने की क्षमता नहीं है। इस तरह का जवाब हर नेता ने हर दूसरे नेता के बारे में बंद कमरे में पर्यवेक्षक को दिया।
सभी ने संगठन की पूरी पोल पट्टी पर्यवेक्षक के सामने खोल दी। किसी ने बताया कि उनके कारण लोकसभा का चुनाव हार गए, तो किसी ने बताया कि वह नेता जी अपने साथी के साथ मिलकर ठेकेदारी करते है। निकाय चुनाव में टिकट वितरण में मनमानी व कार्यकर्ताओं की जगह अपने निजी लाभ वाले व्यक्ति को देने की बात कही। करीब छह घंटे में पर्यवेक्षक ने जिले के नेताओं के मन की मंशा भांप ली।
घर में बैठकर राजनीति करने वाले भी पहुंचे
भाजपा जिला कार्यालय में पर्यवेक्षक सुनीता दयाल के सामने वह दावेदार भी पहुंचे। जो कभी भी किसी भी भाजपा की बैठक व कार्यक्रम में शामिल नहीं होते हैं। इन लोगों ने भी बंद कमरे में अपना दुखड़ा रोया, कि मैं पार्टी में इतने सालों से हूं, लेकिन कोई पद नहीं मिला। लेकिन पार्टी से इस बार काफी उम्मीदें हैं। कार्यालय में हर कोई इन देखकर एक दूसरे से चुटकी लेते हुए भी देखा गया।
ठेकेदार लॉबी रही सकि्य
खास बात बैठक में यह रहीं कि बैठक में नगर निगम, जिला पंचायत, लोक निर्माण विभाग में ठेकेदारी करने वाले भाजपा के वह नेता जो पार्टी से भी अपना अपने को बड़ा मानते हैं। उन लोगों ने भी जातिगत आंकड़ों को बताकर अपनी दावेदारी रखी। वहीं कुछ लोग लॉबी के रूप में पहुंचे। उन लोगों ने एक दूसरे की प्रशंसा की। इसके पीछे का कारण यह हैं कि अगर दूसरा बन गया तो ठेकेदारी भी चली जाएगी। अगर अपना व्यक्ति बन गया तो सब कुछ चलता रहेगा।
यह लोग मिलने पहुंचे
जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, नानक चंद्र अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह लोधी, वृंदावन लाल गुप्ता, सुनील शर्मा, डॉ. एसपी लहरी, अवधेश पाठक, श्रीनिवास शर्मा, कन्हैया लाल गुप्ता, अमित गुप्ता, केशव फौजी, रामनरेश कटारा, अरविंद पचौरी, डॉ. सत्यपाल राजपूत, राजीव गुप्ता, अवनीश गुप्ता, सत्यवीर गुप्ता, आनंद अग्रवाल, टीकम सिंह, सतीश दिवाकर, अनुपम शर्मा, मुन्नी देवी, सुरेंद्र राठौर, पंकज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।