फिरोजाबाद। थाना लाइनपार के गुदाऊं (ठार दंगल) का लाल सूरज (24) मंगलवार की रात्रि पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत खराब हुई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों को बुधवार को सुबह इसकी खबर लगी तो वह हैरान रह गए। पहले तबीयत खराब होने की सूचना मिली तो मां एवं भाई जा रहे थे। मौत की खबर आने पर पिता एवं भाई पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गए। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद तक शव आने की संभावना है।
परिजनों ने बताया कि तीन भाइयों में सबसे छोटे सूरज का अप्रैल 2024 में सेना में चयन हुआ था। उसे पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में तैनात कर दिया था। मंगलवार की रात्रि करीब नौ बजे तक फोन पर परिजनों से सूरज बात करता रहा। लेकिन परिजन की मानें तो जैसा उन्हें बताया गया कि रात्रि में उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे उपचार को ले जाया गया। उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई। बड़े भाई विकास का कहना है कि बुधवार को साढ़े सात बजे करीब फोन आया कि सूरज की तबीयत खराब हो गई है। सूचना मिलते ही मां गुड़िया देवी एवं भाई विवेक को भेज दिया था। महिलाओं की चीख- सुनाई दे रही थी। सूरज के पिता गंगा सिंह यादव किसान होने के साथ कारखाने में मजदूरी का काम भी करते हैं।
एयरफोर्स में तैनात बहन तक नहीं पहुंच सकी सूचना
सूरज की बहन ललिता देवी का रेलवे में स्टेशन मास्टर के साथ-साथ एयरफोर्स में चयन हो गया था। उसने एयरफोर्स को चुना। परिजनों ने सूरज की मौत होने की सूचना देने को फोन मिलाया था। लेकिन बात नहीं हो सकी। क्योंकि उसके पास फोन नहीं रहता है। परिजन उसके संपर्क साधने में जुटे थे।
मां का रो-रोकर बुराहाल
सेना के जवान सूरज की मौत होने की जानकारी होने के बाद मां गुड़िया देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। गुड़िया देवी रो-रोकर कह रही थी कहां चला गया मेरा सूरजा..। निक मोकूं बोल सुनाए जा। पता नहीं मेरे घर कूं किनकी नजर लग गई। परिवार एवं गांव की महिलाएं मां को ढांढस बंधा रही थी।
वीडियो कॉल पर भाई के शव देखा तो बिलख पड़ा बड़ा भाई
सूरज के बडे भाई विकास ने दोपहर करीब पौने तीन बजे एक सेना के जवान के फोन पर वीडियो कॉल की। वीडियो कॉल के दौरान जैसे ही उसने सूरज के चेहरे को दिखाया तो चेहरा देखते ही भाई विकास बिलख पड़ा। बोले सूरज कुछ तो बोल दें। चुप च्यों है गओ। कछू नाएं बोलेगो मेरो सूरजा....। भाई को बिलखता देख परिवार के लोग एवं जिला पंचायत सदस्य अशोक यादव ने ढांढस बंधाया।
प्रशासन को भी दी सूचना..
जिला पंचायत सदस्य अशोक यादव ने बताया कि आर्मी में तैनात सूरज उनके ही परिवार का भतीजा था। उसकी पानागढ़ पश्चिम बंगाल में ड्यूटी के दौरान मौत होने की जानकारी एसडीएम सदर के साथ-साथ ब्लाक प्रमुख को दे दी है।