फिरोजाबाद। आधार कार्ड बनाने का टेंडर दिलाने के नाम पर शहर के दस से अधिक लोगों के साथ लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एका के गांव मोहब्बतपुर के योगेश कुमार के साथ ही पांच लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में योगेश ने कोर्ट के आदेश पर रसूलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
शिकायतकर्ता योगेश कुमार निवासी मोहब्बतपुर, थाना एका ने बताया कि अप्रैल 2023 में आसफाबाद पेट्रोल पंप के सामने एक ऑफिस खोला गया था। उस पर आधार कार्ड बनाने के लिए टेंडर/ठेका प्राप्त करने के लिए आवेदन करें का बोर्ड लगा था। ऑफिस में जाकर जानकारी ली, वहां उत्कर्ष सिंह कुकुराभरी वर्मा पोस्ट आसापर, आंबेडकर नगर, विनोद कुमार निवासी गोसपुर पोस्ट कटवा मोहम्मदपुर, आंबेडकर नगर और अनुपम अग्रहरि मौजूद थे। उन्होंने दिग्विजय सिंह को अपना हेड बताया। इन लोगों ने विश्वास दिलाया कि वे एनसीआरबी के माध्यम से फिरोजाबाद जिले का टेंडर दिला रहे हैं, जिसके लिए 5 लाख रुपये सिक्योरिटी मनी जमा करनी होगी। झांसे में लेकर आरोपियों को पांच लाख रुपये का भुगतान किया। इन्होंने एक अक्तूबर 2023 को आधार कार्ड बनाने की मशीन देने का दावा किया।