फोटो 25 फ्लोर मिल से आटा का नमूना पैक करती खा सुरक्षा विभाग की टीम। संवाद
फिरोजाबाद। टूंडला क्षेत्र की एक आटा फ्लोर मिल में आटे के भीतर पत्थर का चूरा और सेलखड़ी मिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर शासन की सख्ती के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की नींद टूट गई है। शुक्रवार को टीम ने जिले की विभिन्न आटा मिलों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान पांच प्रमुख आटा मिलों से नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जेपी फूड (सिरसागंज), ओपी फ्लोर मिल (शिकोहाबाद), दुर्गा फ्लोर मिल (शिकोहाबाद), आईपीएस ट्रेडिंग कंपनी (सिरसागंज) और शानवी एंटरप्राइजेज (सांती) का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रत्येक मिल से आटे का एक-एक नमूना सील कर जांच के लिए भेजा गया। जांच के दौरान कई जगह स्टॉक रजिस्टर का सही रखरखाव नहीं मिला और स्वच्छता मानकों में भी गंभीर खामियां पाई गईं।
सहायक आयुक्त (खाद्य) चंदन पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जिले की लगभग 20 आटा मिलों का चरणबद्ध तरीके से निरीक्षण किया जाएगा।