भीषण आग और बुझाने की जद्दोजहद।
- फोटो : अमर उजाला
थाना उत्तर क्षेत्र में जलेसर रोड की गली नंबर 3 के मोड़ पर स्थित उर्मिला किराना स्टोर व उसके गोदाम में बृहस्पतिवार देर रात भीषण आग लग गई। जिस परिसर में दुकान और गोदाम स्थित है, उसी में किराना स्टोर संचालक का परिवार भी निवास करता है। गनीमत यह रही कि आग विकराल रूप लेती, उससे पहले ही परिजन सुरक्षित बाहर निकल आए।
आगजनी की इस बड़ी घटना के कारण आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों में खलबली मच गई और देर रात लोग अपने घरों को छोड़कर सड़क पर आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां (फायर टेंडर) मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। देर रात 1 बजे तक अग्निशमन कर्मी आग बुझाने में जुटे रहे।
घटनास्थल पर जुटी भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति संभालने के लिए सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह खुद मौके पर डटे रहे। सुरक्षा के मद्देनजर थाना उत्तर, रामगढ़, रसूलपुर और उत्तर, दक्षिण थानों का पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रारंभिक तौर पर आगजनी के पीछे शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, मौके पर मौजूद सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद जांच की जाएगी, जिसके बाद ही हादसे के सटीक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।