फिरोजाबाद/एका। थाना एका के नगला पीपल में सब्जी लेकर लौट रहे युवक को गोली मार दी गई। घायल को पीएचसी, एका में भर्ती कराया गया, जहां से उसे फिरोजाबाद रेफर कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद सहित दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
थाना एका के नगला वीरी निवासी विशेष कुमार (45) पुत्र राम सिंह मंगलवार शाम पौने आठ बजे करीब नगला लाहौरी गदनपुर से सब्जी लेकर गांव लौट रहा था। आरोप है कि नगला पीपल के समीप जुगेंद्र एवं राघवेंद्र मिल गए। उन्होंने विशेष कुमार को रोककर तमंचे से गोली मार दी। हाथ में गोली लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
सूचना पर पहुंचे चचेरा भाई रामपाल पुत्र हीरालाल एवं पत्नी धनवंती विशेष को उपचार के लिए पीएचसी एका ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को सरकारी ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। विशेष ने नगला पीपल निवासी जुगेंद्र और राघवेंद्र सहित दो अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।