थाना फरिहा क्षेत्र में युवक के गोली लगने की घटना के बाद सरकारी ट्रॉमा सेंटर में उपचार कराती पुलिस
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/फरिहा। थाना फरिहा के विद्याराम इंटर कालेज के समीप सोमवार को सुबह शौच को जा रहे युवक को बाइक सवार तीन लोगों ने गोली मार दी। गोली पेट में लगने से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। पुलिस उसे उपचार को सरकारी ट्रॉमा सेंटर लाई। हालत गंभीर होने के कारण उसे आगरा रेफर कर दिया। घायल का आरोप है कि हमलावर भांजी के मामले में पैरवी करने से मना कर रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना उत्तर के द्वारिकापुरी निवासी केशव (28) पुत्र महताब सिंह पिछले कुछ दिनों से कस्बा फरिहा के गणेशपुर मोहल्ला में नीशू मिश्रा के मकान में किराए पर रह रहा है। फरिहा में वह चूड़ी का काम करता है। सोमवार की सुबह वह विद्याराम इंटर कालेज की ओर शौच करने के लिए जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार युवक ने उस पर फायर किया। गोली उसके पेट में लगी। बाइक पर दो अन्य युवक भी सवार थे।
वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। पुलिस को क्षेत्रीय लोगों ने घटना की जानकारी दी। थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस उसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर लाई। यहां केशव ने पुलिस को बताया कि अमर नाम के युवक ने अपने दो साथियों के साथ उस पर जानलेवा हमला किया है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष फरिहा महेश सिंह का कहना है कि घायल युवक की भांजी को द्वारिकापुरी निवासी युवक ले गया था। केशव इस मामले में पैरवी कर रहा है। इसके कारण गोली मारने की बात घायल युवक बता रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है। हालत गंभीर होने पर युवक को आगरा रेफर किया गया है।