फिरोजाबाद/नारखी। थाना नारखी क्षेत्रांर्गत स्थित शिक्षण संस्था में विगत 15 फरवरी को मारपीट और फायरिंग के मामले में स्कूल संचालक ने डीएम को शिकायती पत्र देकर कहा कि पुलिस ने विपक्षियों के दबाव में उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर लिया जाए। उन्होंने मांग की कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमा निरस्त किया जाए।
थाना नारखी के गांव रजावली निवासी जबर सिंह पुत्र स्व. लोटन सिंह बुधवार को अन्य लोगों के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे। जबर सिंह ने डीएम को बताया कि विगत 15 फरवरी को कुछ नामजद लोगों ने आनंद पब्लिक स्कूल रिजावली चौराहा में जबरन घुस कर शिक्षण अवधि के दौरान मारपीट और फायरिंग की थी।
मामले में थाना नारखी पुलिस ने भाकियू भानु अध्यक्ष और अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद लोगों ने पुलिस पर दबाव बनाकर उनके ऊपर झूठा और मनगढ़ंत मुकदमा दर्ज करा दिया है। उन्होंने डीएम से दर्ज मुकदमा निरस्त करने और फायरिंग के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।