बिजली के तार की चिंगारी खेत में गिरी, 56 बीघा गेहूं की फसल जली
जिले में चार स्थानों पर हुईं आग लगने की घटनाएं, पीड़ितों ने प्रशासन से मांगा मुआवजा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद/ एका। जिले में सोमवार को बिजली की तारों से निकली चिंगारी से 56 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जल गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पूर्व किसानों ने आपसी सहयोग से आग बुझा ली। जिला प्रशासन से पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
पहली घटना थाना एका के नगला मुरली में हुई। उड़ेसर निवासी किसान भगवान सिंह की गेहूं की फसल नगला मुरली में थी। सोमवार सुबह खड़ी फसल के ऊपर से जा रहे हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर गिर गया। तारों की चिंगारी से फसल में आग लग गई। धुआं उठते देख ग्रामीण आग बुझाने के लिए दौड़े। आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष एका नरेंद्र शर्मा को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। तब तक ग्रामीणों ने आग को बुझा ली थी। आग लगने से किसान की 11 बीघा गेहूं की फसल जल गई।
दूसरी घटना शिकोहाबाद के गांव शोभनपुर में हुई। गांव निवासी सीताराम की गेहूं की खड़ी फसल में बिजली की तारों से निकली चिंगारी से आग लग गई। इससे दस बीघा फसल जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। शोभनपुर ग्राम पंचायत के प्रधान राकेश कुमार ने जिला प्रशासन से मांग की है कि वह आग से प्रभावित किसान की फसल की हानि का आंकलन करके उसको मुआवजा दिलाने की कार्रवाई करें।
तीसरी घटना थाना जसराना के गांव फतेहपुर कटेना (सिकैरिया) में हुई। यहां गांव निवासी हामिद अली ने अपने ढाई बीघा खेत में गेहूं की फसल बोई थी। खेत के ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन के तार में फाल्ट होने से चिंगारी फसल में गिरी। इससे खेत में आग लग गई और पूरा खेत जलकर राख हो गया।
चौथी घटना नगला खंगर के गांव दौलतपुर में हुई। यहां आठ किसानों की 33 बीघा गेहूं की फसल में आग लग गई। चंद्रशेखर,धर्मेंद्र, अंकित की पांच-पांच बीघा, गिरजेश, भूपेंद्र, रामप्रवेश और कामित्री की तीन-तीन बीघा फसल जल गई। गिरजेश कुमार के खेत को चिंतामणि और रिषी ने लगान पर लेकर खेत में गेहूं बोया था। आग की चपेट में आकर इनकी भी तीन-तीन बीघा खेत में खड़ी फसल जल कर राख हो गई। मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने किसानों के नुकसान का मुआयना किया।