फिरोजाबाद के उत्तर थाना क्षेत्र की भगवान नगर गली-4 में शुक्रवार को चूड़ी जड़ाई का काम करते समय आग लगने से एक दंपती गंभीर रूप से झुलस गया। यह हादसा तब हुआ जब जड़ाई के लिए इस्तेमाल होने वाली डिब्बी में तेल डाला जा रहा था और अचानक आग भड़क उठी।
घायल गोविंद और उनकी पत्नी के हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए हैं। आग की लपटें देखकर पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसे दंपती को तुरंत सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिजनों ने आग लगने के पीछे का कारण मिट्टी के तेल में मिलावट को बताया है। उनका आरोप है कि जुड़ाई के काम में इस्तेमाल किया जा रहा तेल मिलावटी था, जिसके कारण आग सामान्य से अधिक तेजी से भड़की। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भगवान नगर क्षेत्र में मिलावटी तेल के कारण चूड़ी जड़ाई के दौरान आग लगने की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।
इस हादसे के बाद चूड़ी उद्योग से जुड़े कारीगरों में दहशत का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से मिट्टी के तेल की गुणवत्ता की तत्काल जांच कराने और तेल में हो रही मिलावट पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के जानलेवा हादसों को टाला जा सके। इधर, घटना की सूचना मिलने पर थाना उत्तर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। प्रशासन ने भी मिलावटी तेल के स्रोत और उसकी आपूर्ति श्रृंखला की गहन जांच शुरू कर दी है।