थाना उत्तर के सविता नगर स्थिति मकान में आग लगने की घटना के बाद जला पड़ा सामान
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना उत्तर के मोहल्ला सवितानगर में शुक्रवार को बिजली की शार्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। आग के लगने से घर में रखी नकदी, बेटी की शादी के लिए खरीदा गया दहेज के सामान जल गया। फायरब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया।
सविता नगर निवासी रामप्रकाश सविता पुत्र छिंगामल सविता मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता है। शुक्रवार की शाम को तीन बजे करीब उसकी पत्नी कुसुमा देवी एवं बेटी काजल घर के नीचे कमरे में बैठी थी। इसी दौरान मकान की ऊपरी मंजिल में बिजली के शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। मकान के ऊपरी मंजिल में धुंआ निकलता देखा तो मां बेटी एवं परिजनों ने शोर मचाया। शोरगुल को सुनकर आस-पास के लोग आग बुझाने के लिए दौड़ पडे़। सूचना पर फायरब्रिगेड की दो गाड़ी को लेकर एफएसओ लाखन सिंह पहुंच गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित रामप्रकाश की पत्नी कुसुमा देवी का कहना है कि आग लगने के कारण करीब दो लाख रुपया की नकदी जो बेटी की शादी के लिए रखी थी। इसके साथ ही दहेज में दिए जाने वाला सामान टीवी, फ्रिज, सोफासेट के साथ ही कपड़ों के साथ अन्य घरेलू सामान सभी जल गया। पीड़िता का कहना है कि उसकी बेटी की शादी दिसंबर में थी। उसकी ही तैयारी में जुटे थे। आग लगने से पांच से छह लाख रुपया की हानि होने का अनुमान हैं।