शिकोहाबाद। को-ऑपरेटिव बैंक के बाहर बैग की दो दुकानों में शुक्रवार रात अचानक आग लग गई। इस घटना में दोनों दुकानों में रखा हुआ हजारों रुपयों का माल जलकर राख हो गया।
थाना क्षेत्र के मोहम्मदमाह निवासी किशोर नगरपालिका के पास को-ऑपरेटिव बैंक के बाहर दो दुकानों में स्कूल बैग आदि बनाने का काम करता है। रात करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से दोनों दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर दुकानदार एवं अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने आग पर काबू पाया। इस घटना में दोनों दुकानों में रखा हुआ हजारों रुपयों का नए और पुराने बैग का माल जलकर राख हो गया। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार नेे बताया कि संभवतः शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। घटना की जानकारी की जा रही है। संवाद