घर में लगी आग को बुझाने का प्रयास करते फायर ब्रिगेड कर्मचारी।
- फोटो : घर में लगी आग को बुझाने का प्रयास करते फायर ब्रिगेड कर्मचारी।
शिकोहाबाद। शॉर्ट सर्किट होने से सिरसागंज मंडी सचिव के घर में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर दिया। परिजन में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने दो दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। घटना में घर के अंदर रखा हुआ लाखों रुपयों का सामान जलकर राख हो गया।
जनपद इटावा के यदुमान नगर, हाल निवासी मेलावाला बाग निवासी विमल कुमार सिरसागंज में मंडी सचिव के पद पर तैनात हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह अपनी मां के साथ घर पर मौजूद थे। तभी अचानक शॉर्ट सर्किट होने से घर में आग लग गई। अचानक शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण घर के अंदर धुआं ही धुआं हो गया। मां-बेटे की चीख निकल गई। दोनों तुरंत ही अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर निकल आए। मंडी सचिव के घर से उठते हुए धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोगों की भी भीड़ जुट गई। उन्होंने आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें तेज हो गईं। दमकल की दोनों गाड़ियों से फायर कर्मियों ने घर में लगी आग पर काबू पाया। मंडी सचिव ने बताया कि आग से घर में रखा लाखों रुपयों का सामान जल गया।