फिरोजाबाद के राजा का ताल चौराहे के निकट रात करीब साढे़ नाै बजे अचानक एक बंद कारखाने की पाइप लाइन में आग लग गई। जिससे शहर में नगला भाऊ औद्योगिक आस्थान से राजा का ताल तक 60 कारखानों में नेचुरल गैस की आपूर्ति ठप हो गई। कारखानों में कांच और चूड़ी उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया। उद्यमियों का कहना है कि गैस आपूर्ति बंद होने से करोड़ों का नुकसान हुआ है।
गेल गैस लिमिटेड द्वारा 200 कारखानों में नेचुरल गैस की आपूर्ति की जा रही है। राजा का ताल चौराहा के निकट कारखाना टेक्निकल ग्लास, जो पिछले कई माह से बंद चल रहा है, अचानक गैस पाइप लाइन व मीटर में आग लग गई। इससे नगला भाऊ औद्योगिक आस्थान, मीरा चौराहा, ढोलपुरा से राजा का ताल तक कारखानों में अचानक गैस की आपूर्ति ठप हो गई। कारखानों में अचानक गैस की आपूर्ति बंद होने पर उद्यमी गेल के अधिकारियों को देर रात तक फोन करते रहे।
यूपीजीएमएस के अध्यक्ष राजकुमार मित्तल ने बताया कि रात नौ बजे के बाद एक कारखाने में आग लगने के कारण कई कारखानों में गैस की आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे भट्ठियों पूरी तरह ठप हो गई हैं। अचानक गैस आपूर्ति बंद होने से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। गैस आपूर्ति बंद होने के कारण बुधवार को भी काम शुरू होना मुश्किल लग रहा है।
एफएसओ दुर्गेश कुमार का कहना है कि टेक्निकल ग्लास के समीप गेल की लाइन लीकेज होने की जानकारी संज्ञान में आई थी, फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचने से पहले ही गेल की टीम ने लीकेज लाइन में प्रेशर कम करने के साथ कंट्रोल कर लिया था, इसके कारण विभाग की टीम वापस आ गई थी, गेल की टीम के द्वारा मौके पर लीकेज ठीक किये जाने की कार्रवाई की जा रही है। प्रबंधक आपरेशन गेल इंडिया मनमोहन सिंह के अनुसार गैस सप्लाई सुचारू होने में करीब तीन घंटे का समय लगने की उम्मीद है।