आग लगने के बाद कैमिकल फैक्टरी से उठता काला धुंआ। सोर्स संवाद
शिकोहाबाद। मैनपुरी रोड पर संतजनू बाबा चौकी के सामने उमेश इंटरप्राइजेज केमिकल की फैक्टरी में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। फैक्टरी में आग लगने से वहां काम कर रहे आठ मजदूरों में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि फैक्टरी में कई ड्रम केमिकल भरा हुआ रखा था।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत मैनपुरी रोड पर संतजनू बाबा चौकी के सामने एक पुरानी फैक्टरी है। फैक्टरी में कैमिकल तैयार किया जाता था। फैक्टरी में बिहार के आठ मजदूर काम कर रहे थे। रविवार को अचानक ही इसमें किन्हीं कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग फैक्टरी में रखे हुए कुछ ड्रमों में रखे हुए केमिकल में लगी थी। अन्य ड्रमों में कैमिकल भरा हुआ रखा था। भीषण आग को देखकर मजदूरों में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में वह फैक्टरी में से बाहर की ओर दौड़ पड़े। कुछ ड्रमों से केमिकल फैलने लगा। जिस स्थान पर केमिकल गिरा, वह जगह पूरी तरह से सूख गई। आग लगने की सूचना मिलने पर तत्काल ही फायर ब्रिगेड की टीम एवं चौकी पुलिस भी बचाव के लिए आ गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
खेतों में फसलों को भी हुआ नुकसान
शिकोहाबाद। केमिकल इतना ज्वलनशील था कि आसपास के खेतों में खड़ी फसल भी जल गई। कई बीघा फसल को नुकसान हो गया। आसमान में काला धुंआ उठने लगा था। इस घटना से आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत फैल गई।
केमिकल फैक्टरी में अज्ञात कारणों से केमिकल से भरे कुछ ड्रमों में आग लगी थी। कोई जनहानि नहीं है। कुछ किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। इस फैक्टरी में सोडा-एस तैयार किया जा रहा था।
प्रवीण कुमार तिवारी, सीओ, शिकोहाबाद