संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन तेज कर दिया गया है। जिले में चल रहे सत्याग्रह के तहत रविवार को नगरीय और ग्रामीण विद्युत उपकेंद्रों पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। 15 मई को लखनऊ के शक्ति भवन पर आयोजित सत्याग्रह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ओएसडी ने संविदा कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया था। हालांकि, कर्मचारियों का आरोप है कि समस्याओं का समाधान अभी तक नहीं हुआ है, जिसके बाद उन्होंने फिरोजाबाद में सत्याग्रह का तीसरा चरण शुरू किया।
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं का समाधान चाहते हैं, जिनमें कार्य के अनुरूप अनुबंध, समान कार्य के लिए समान वेतन, 55 वर्ष की आयु का हवाला देकर छंटनी और ठेकेदारी प्रथा का समाप्त होना शामिल हैं। इसके अलावा, वे पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण को भी लेकर चिंतित हैं।
कर्मचारियों ने कहा कि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो 20 मई को कार्य बहिष्कार किया जाएगा। सत्याग्रह में जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह, जिला कोषाध्यक्ष ज्ञान सिंह, मनोज शंखवार, अभिलाख यादव, जयवीर सिंह, जितेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।