शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद एंबुलेंस से उठता धुआं। सोर्स सोशल मीडिया
शिकोहाबाद। बीमार बच्चे को लेने के लिए नौशहरा जा रही संयुक्त चिकित्सालय की एंबुलेंस में सुभाष चौराहे के समीप आग लग गई। एंबुलेंस में शॉर्ट सर्किट हुआ था। इंजन में आग लगने से चालक के केबिन जल गया और एंबुलेंस का शीशा टूट गया। आग लगी देखकर चालक एवं परिचालक एंबुलेंस को छोड़कर भाग खड़े हुए। बाद में चालक ने ही लोगों की मदद से आग पर पानी डालकर किसी तरह उसे बुझाया।
मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे करीब नौशहरा के समीप एक बच्चे के बीमार होने की सूचना डायल-108 पर मिली थी। सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस चालक दीपक कुमार एवं उसके साथ जितेन्द्र बीमार बच्चे को लेने के लिए नौशहरा जा रहे थे। एंबुलेंस लेकर जब चालक सुभाष चौराहे के समीप गंगेश्वर पाठशाला के सामने पहुंचा। तभी एंबुलेंस में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे एंबुलेंस के इंजन ने भी आग पकड़ ली। देखते ही देखते एंबुलेंस से धुआं उठने लगा। आग को बढ़ता देख चालक एवं परिचालक एंबुलेंस से उतरकर नीचे खड़े हो गए। लोगों की भीड़ जुट गई। चालक ने लोगों की मदद से आग पर पानी डालकर उसे बुझाया। इसके बाद दूसरी एंबुलेंस की मदद से बीमार बच्चे को संयुक्त चिकित्सालय लाया जा सका।