फिरोजाबाद। उत्तर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध नसियाजी जैन मंदिर में जैन मुनि एकत्व सागर महाराज के साथ हुई अभद्रता और मारपीट और हमले के मामले में पुलिस ने कानूनी शिकंजा कस दिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सहित 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
नसियाजी जैन मंदिर में दो अलग-अलग चातुर्मास कमेटियों के समर्थकों के बीच मंदिर परिसर में कमरों के बाहर बैनर लगाने और हटाने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। विरोधी गुट के लोगों ने जैन मुनि एकत्व सागर महाराज के साथ अभद्रता की और उनके साथ मारपीट पर उतारू हो गए। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें एक युवक (मोहित जैन) ईंट लेकर जैन मुनि की तरफ दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अनुज जैन निवासी तुलसी विहार ने इस मामले की लिखित शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मोहित जैन, मुकेश जैन और इंद्र कुमार जैन के अलावा 8-10 अन्य समर्थकों के खिलाफ मामला पंजीकृत किया है। समाज के प्रबुद्ध लोगों ने दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।