फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के नगला भाऊ स्थित फैक्टरी एरिया स्थित मित्तल ग्लास कंपनी परिसर में जमीन पर सो रहे 30 वर्षीय मजदूर की गाड़ी से कुचलकर मौत हो गई।
विनोद सहानी निवासी समस्तीपुर, बिहार द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार 17 जुलाई की रात करीब 2 बजे अज्ञात चालक ने ट्रक को लापरवाही से पीछे करते हुए वहां सो रहे रामसेवक सहानी पर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजन के बिहार में अंतिम संस्कार में व्यस्त होने के कारण तहरीर देने में देरी हुई। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि थाना दक्षिण पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और गाड़ी नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।