शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। बाइक से आठ दिन पहले शिकोहाबाद आ रहे जूता कारोबारी युवक को मैनपुरी मार्ग पर ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी। इस घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। मृतक के चाचा ने थाना शिकोहाबाद में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जनपद मैनपुरी के थाना घिरोर, जैन गली थाने के पीछे निवासी श्लोक अग्रवाल गत 6 अक्तूबर को बाइक लेकर शिक्षा सामग्री लेने एवं कुछ अन्य काम से शिकोहाबाद आ रहा था। वह जूता करोबारी होने के साथ ही बीएससी का छात्र भी था। वह दोपहर डेढ़ बजे करीब शांति देवी इंटर कॉलेज के समीप पहुंचा। आरोप है कि तभी ट्रैक्टर चालक अजय कुमार निवासी नगला अलाई थाना करहल मैनपुरी ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस घटना में मौके पर ही युवक की मौत हो गई थी। मृतक के चाचा प्रवीण कुमार अग्रवाल ने थाना शिकोहाबाद में आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद