नारखी। थाना क्षेत्र के नगला जंजारी मार्ग पर बदनपुर निवासी विपिन की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद हंगामा करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल की रात दुकानदार विपिन ट्रैक्टर से गिरकर घायल हुआ था, जिसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई। 3 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर गांव पहुंचे, तो कुछ महिलाओं और पुरुषों ने शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर कोटला-फिरोजाबाद मार्ग पर पीजी कोल्ड स्टोरेज के पास जाम लगा दिया।
दरोगा बनवारी लाल द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, उग्र भीड़ ने सड़क पर लकड़ियां और ट्रैक्टर खड़े कर रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया था। इस कारण गर्मी में एम्बुलेंस, बच्चे और बुजुर्ग घंटों फंसे रहे। मौके पर मौजूद एसआई बनवारी लाल और उनकी टीम के समझाने के बाद भी भीड़ नारेबाजी करती रही। स्थिति बिगड़ती देख प्रभारी निरीक्षक टूंडला, थानाध्यक्ष रजावली और पचोखरा को भारी पुलिस बल के साथ मोर्चा संभालना पड़ा। इंस्पेक्टर नारखी राकेश गिरी ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और लोक व्यवस्था भंग करने के आरोप में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद