टूंडला। मिलावती खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना पर खाद्य सुरक्षा की टीम ने शहर में छापेमारी की। टीम ने शहर के फुटपाथ व दुकानों से विविध वस्तुओं के सैंपल भरे। वहीं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने व्यापारियों का शोषण करने का आरोप लगाते हुए विरोध किया। सहायक आयुक्त डाॅ. सुधीर कुमार ने बताया कि होली के पर्व पर खाने-पीने के सामानों में मिलावट की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। शुक्रवार सुबह 11 बजे टीम ने स्टेशन रोड सब्जी मंडी स्थित मोना अंडे वाले की दुकान से नकली सॉस के 25 डिब्बे जब्त कर लिए। इसके बाद सब्जी मंडी परचून की दुकानदारों को चेतावनी देते हुए मुकेश स्वीट्स की दुकान पर खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट न होने पर लिस्ट लगाने के लिए कहा। मावा में हाईड्रो पाउडर न मिलाने की चेतावनी दी।
इसके बाद टीम ने फड़ पर बेच रहे पापड़ और दाल, मसाले वालों के फड़ से सैंपल भरे। वहीं फड़ पर बेच रहे चिप्स, पापड़, कचरी आदि कलर के बेचने पर सख्त हिदायत दी। टीम अन्य दुकानों पर पहुंचती उससे पूर्व ही व्यापार मंडल व राजनीतिक दलों से जुड़े पदाधिकारियों ने टीम का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि त्योहार के समय ही खाद्य सुरक्षा टीम को जांच करने की याद आती है। टीम व्यापारियों का शोषण कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने जब्त सामान को भी छुड़वा दिया। खाद्य सुरक्षा टीम में उमेश कुमार, यशपाल सिंह, अनिल कुमार, जितेंद्र कुमार, राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।
छैना और पनीर के लिए नमूने
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने शुक्रवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चंद्रवार गेट में धर्मेंद्र की दुकान से बेसन का नमूना लिया। वहीं, रसूलपुर फिरोजाबाद से राजेश कुमार की दुकान से छैना और नालबंद चौराहे से दिलीप कुमार जैन की दुकान से पनीर का नमूना लेका जांच के लिए भेजा। साबूदाने का नमूना प्रेमनगर में आजाद की दुकान से लिया गया।
बाजार में फड़ पर बेचे जा रहे मसलों के सैंपल में रंग पाया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। होली के पर्व पर कलर युक्त पापड़ न खाए रंगयुक्त वस्तुओं से बचें।
डाॅ. सुधीर कुमार, सहायक आयुक्त