टूंडला। थाना क्षेत्र के गांव जलोपुरा में गांव के बाहर खाली पड़ी जमीन पर टेंट लगाने पर दो पक्षों में मारपीट व पथराव हो गया। इससे दो लोग घायल हो गये। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है।
बुधवार शाम को गांव जलोपुरा निवासी सत्यप्रकाश की बेटी की शादी है। शाम को बरात आनी थी। इसके स्वागत के लिए गांव के बाहर खाली पड़ी जमीन पर टेंट लगाया जा रहा था। तभी गांव के ही जाहर सिंह पुत्र श्यामलाल आदि ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
इससे शादी वाले घर में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान बीच-बचाव करने आए रामप्रकाश व शिवप्रसाद घायल हो गये। सूचना पर राजा का ताल पुलिस चौकी की फोर्स पहुंच गया। पुलिस को देख पथराव कर रहे सभी मौके से भाग गए। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चार्ज थाना प्रभारी प्रभाकर सागर ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आयी है।