खाते में 50 हजार की नकदी के आने का मैसेज आते ही पीड़ित ने बैंक की ओर दौड़ लगा दी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराे फीराेजाबाद
खाते में 50 हजार की नकदी के आने का मैसेज आते ही पीड़ित ने बैंक की ओर दौड़ लगा दी। पीड़ित परेशान है कि यह नकदी किसने डाली और किसने निकाली। नकदी 28 नवंबर को डाली गई और 30 नवंबर की सुबह बैंक खुलते ही निकाल ली गई। इसको लेकर पीड़ित बैंक मैनेजर से भी मिला, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महावीर नगर गली नंबर निवासी दीपक यादव का सुहागनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। दीपक ने बताया कि उसके खाते में 50 हजार 379 रुपये थे। 28 नवंबर की शाम करीब पांच बजकर 40 मिनट पर उसके मोबाइल फोन पर मैसेज आया कि उसके खाते में 50 हजार रुपये जमा किए गए है। रुपये किसने जमा किए, इसकी जानकारी करने वह 28 नवंबर की शाम को बैंक गया लेकिन बैंक बंद होने के कारण वह लौट आया। पीड़ित दीपक ने बताया कि 30 नवंबर को सुबह बैंक जाने के लिए घर से वह निकला लेकिन तभी उसके मोबाइल पर बैंक से मैसेज आया कि उसके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए है। पीड़ित का आरोप है कि उसने बैंक मैनेजर को इसकी जानकारी दी तो बैंक मैनेजर ने यह कहकर बात खत्म कर दी कि बैंक कर्मचारी से गलती हो गई होगी। पीड़ित का कहना है कि इसकी शिकायत बैंक अधिकारियों के साथ डीएम से करेगा।