संविदा कर्मचारी ने अनुपस्थित लगाने पर जिला क्षयरोग अधिकारी के साथ अभद्रता और मारपीट कर दी। इससे आक्रोशित चिकित्सकों ने कामकाज ठप कर दिया। सीएमएस के हस्तक्षेप के बाद काम शुरू हुआ। सीएमओ को घटनाक्रम की जानकारी देने के साथ डीएम को पत्र सौंपा। कर्मचारी के खिलाफ चिकित्सक ने पुलिस को तहरीर दी है।
जिला क्षयरोग अधिकारी डा. अशोक कुमार ने बताया कि उनके यहां तैनात संविदा कर्मचारी नगला सदासुख निवासी प्रताप सिंह यादव सोमवार को देर से आया था। इससे पूर्व ही वह रजिस्टर में अनुपस्थिति लगा चुके थे। संविदा कर्मचारी अनुपस्थिति देख आग बबूला हो गया। उनके साथ गालीगलौज और मारपीट कर दी। डा. अशोक के साथ अभद्रता की जानकारी जिला अस्पताल के चिकित्सकों को हुई तो उन्होंने मेडिकल सेवाएं ठप कर दीं। अभद्रता करने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सीएमएस डा. अजय शुक्ला के कक्ष में पहुंच गए। चिकित्सा सेवा ठप होने से मरीज और तीमारदार परेशान हो उठे। बाद में सीएमएस के समझाने के बाद डाक्टर काम करने को तैयार हो गए। डा. अशोक कुमार ने कर्मचारी के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दी है। थाना उत्तर प्रभारी ने कहा कि चिकित्सक का मेडिकल कराने के साथ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। सीएमएस डा. अजय शुक्ला ने कहा कि संविदा कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला अस्पताल के क्षय रोग अधिकारी डा.अशोक कुमार के साथ संविदा कर्मचारी प्रताप सिंह के द्वारा अभद्रता करने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच की जा रही है दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
डा.विनय माथुर, सीएमओ फीरोजाबाद।