मंगलवार की देर रात कुंजपुर रोड पर सौंफ के गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। सूचना पर थाने का फोर्स और दो फायरब्रिगेड पहुंची। तक आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक हालात काबू में नहीं आए। गोदाम शहर के बीचोबीच होने के कारण लोगों में अफरातफरी मच गई। दहशत में आए लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर जा छुपे।
कुंजपुर रोड पर राकेश गुप्ता का सौंफ का गोदाम है। रात करीब साढ़े दस बजे अज्ञात कारणों से गोदाम में आग लग गई। छोटी से चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम स्वामी ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे फायरब्रिगेड कर्मियों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सूखी सौंफ होने के कारण आग अंदर तक बैठ गई। थोड़ी देर में ही आग ने पूरे माल को अपनी चपेट में ले लिया।
घनी बस्ती के बीच में बने गोदाम से निकलने वाली लपटों ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। बगल में फर्नीचर की दुकान थी। लोगों का डर था कि आग कहीं फर्नीचर की दुकान में लग गई, तो हालात बेकाबू हो जाएंगे। लोग इतनी दहशत में आ गए कि घरों से बाहर निकलर दूसरे मोहल्ले में जाने लगे। देर रात तक पुलिस और दमकल कर्मी आग को बुझाने का प्रयास करते रहे।
कई व्यापारी मिलकर रखते हैं माल
गोदाम में राकेश गुप्ता के अलावा भी कई व्यापारी सौंप रखते हैं। यहां पर आधा दर्जन से अधिक व्यापारियों की सौंप रखी थी, जो थोड़ी देर में ही जलकर राख हो गई।
टीनशेड से निकलती रही लपटे
गोदाम चारो ओर बंद बंद था। ऊपर से टीनशेड पड़ी थी। इससे लोगों को डर था कि कहीं टीनशेड से आग बाहर निकलकर दूसरे घरों को निशाना न बना ले।