फिरोजाबाद। जिला सहकारी बैंक दबरई में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया, इसके तहत किसानों को छह प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। किसान छह लाख से दस लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकेंगे।
जिला मुख्यालय दबरई स्थित जिला सहकारी बैंक प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का लाइव प्रसारण किसानों को दिखाया गया। इसके बाद, टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने कहा कि जिला सहकारी बैंक, सहकारी समितियों से जुड़े किसानों को सस्ती दर पर ऋण उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि किसान भारत टैक्सी योजना के तहत छह प्रतिशत ब्याज पर छह लाख से दस लाख रुपये तक का ऋण लेकर वाहन खरीद सकेंगे।
कार्यक्रम में एआर कोऑपरेटिव विमल कुमार ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संचालन शैलेंद्र प्रताप सिंह ने किया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद पचौरी ने कहा कि यह योजना सहकारी बैंकों का अधिक से अधिक लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस अवसर पर डॉ. गोपाल सिंह आर्य, मुकेश धामा, कृष्णकांत शर्मा, देवेंद्र बघेल, विमल कुमार, नरेश कुमार, भूपेंद्र सिंह सहित जिले की सभी 80 साधन सहकारी समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे।