डीएम राजेश प्रकाश ने कहा कि किसान बारिश के पानी का सदुपयोग करें। उन्होंने कहा कि अभी फसल को कुछ नुकसान हुआ होगा लेकिन इसका लाभ भी मिलेगा। उन्होंने नारखी क्षेत्र में बैंक स्थापित किए जाने के संबंध में एलडीएम को निर्देश दिए। वहीं किसानों की फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने की पहल करने का भी भरोसा दिलाया।
डीएम कलक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस को संबोधित कर रहे थे। किसानों ने नारखी क्षेत्र स्थित गढ़ी हंसराम में एक बैंक होने की बात रखी। डीएम ने एलडीएम से नई शाखा को स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। किसानों ने काफी तेज बारिश होने के कारण फसलों की बुवाई प्रभावित होने की जानकारी रखी। डीएम ने किसानों से कहा कि वर्षा जल का संचयन करें। किसान फसल बीमा योजना के संबंध में डीडी कृषि प्रसार को निर्देश दिए कि इसका लाभ किसानों को मिलना चाहिए। नारखी क्षेत्र में शिमला मिर्च एवं अचार की मिर्च उत्पादन के संबंध में जानकारी की। उप निदेशक कृषि प्रसार डीपी सिंह ने किसानों के पंजीयन का लक्ष्य पूरा करने वाले स्टाफ को सम्मानित कराया। कुछ किसानों ने कोल्ड स्टोरेज संचालकों के प्रतिवर्ष किराया बढ़ाए जाने का भी विरोध किया। मुख्य रूप से जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय, डीएचओ बलजीत सिंह, सीबीओ डा. प्रभंजन शुक्ला, मत्स्य विभाग के श्रीकिशन शर्मा, किसान सुरेंद्र सिंह फौजी, राजेश प्रताप सिंह, मूलचंद्र यादव, गिरीश चंद्र, मोहन सिंह, बादाम सिंह के अलावा जिले भर से आए किसान शामिल थे।
डीएम ने फरियादियों के पास पहुंचकर सुनी समस्याएं
डीएम राजेश प्रकाश कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों की समस्याओं को सुनकर वापस कार्यालय लौट रहे थे। तभी रास्ते में खड़े फरियादियों ने उनसे मिलने की कोशिश की, तो स्टाफ ने हटा दिया। इस पर डीएम खुद ही फरियादियों के पास पहुंच गए।
मक्खनपुर के अरमराजट्ट निवासी बुजुर्ग राम सिंह ने बताया कि उसने 14 लाख का खेत बेचा था, जिसकी धनराशि बैंक में जमा करा दी, लेकिन बैंक वाले पैसा निकालने नहीं रहे हैं। इस पर डीएम ने एसडीएम को कार्रवाई के आदेश दिए। टूंडला के भगवतीनगर निवासी रामादेवी पत्नी राम स्वरूप ने शिकायत की कि उसके पुत्र विनोद एवं पुत्रवधू उसे भोजन नहीं देते। बुजुर्ग महिला श्यामकली ने कहा कि बीपीएल कार्ड होने पर राशन नहीं मिल रहा। दो महिलाओं ने विधवा पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर डीएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।