खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। थाना खैरगढ़ क्षेत्र में किसान की सोते समय घर में गला दबाकर हत्या कर दी गई। सुबह जगार होने पर किसान चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर मृतक का बड़ा भाई भी दिल्ली से आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के जिला अस्पताल भेजा है। बड़े भाई ने मृतक की पत्नी और भांजे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि मृतक की पत्नी ने भांजे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। गांव बैरनी निवासी सतेंद्र (43) खेती करते थे। उनका बड़ा भाई दिल्ली में काम करता है। बुधवार सुबह उनका शव घर के कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। जानकारी पर ग्रामीण व परिजन मौके पर एकत्रित हो गई। जानकारी मिलने पर मृतक का बड़ा भाई भी दिल्ली से आ गया। बड़े भाई ने कहा कि छोटा भाई किसी भी बीमारी से ग्रसित नहीं था। फिर अचानक उसकी मौत कैसे हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के बड़े भाई शत्रुघन ने बताया कि उसके खास भांजे गोविंद निवासी अलीनगर कैंजरा टूंडला का छोटे भाई के घर में आना जाना था। इसी बीच छोटे भाई की पत्नी रोशनी और भांजे गोविंद के प्रेम संबंध हो गए।
आरोप है कि छोटा भाई सतेंद्र उनके बीच में बाधक बन रहा था। इसके चलते मंगलवार देर रात भाई की पत्नी और भांजे ने योजनाबद्ध तरीके से गला दबाकर सतेंद्र की हत्या कर दी। इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
आरोपी गिरफ्तार
थाना खैरगढ़ क्षेत्र में किसान की हत्या प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर उसकी पत्नी ने भांजे के साथ मिलकर की थी। पुलिस टीम ने मामले में केस दर्ज करते हुए महज कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
-अखिलेश भदौरिया, एसपी ग्रामीण