फिरोजाबाद। थाना दक्षिण के टीला राजपूतना की शांति देवी को बहू से चल रहे मकान के विवाद में सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय पर झूठे आरोप लगाना भारी पड़ गया। सिटी मजिस्ट्रेट की तहरीर पर थाना दक्षिण पुलिस ने राजपत्रित अधिकारी की छवि को धूमिल करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि उनकी कोर्ट में शांति देवी ने मकान पर अपना दावा करते हुए बहू द्वारा प्रताड़ित कर बेघर किए जाने की शिकायत की थी। मामले की जांच कराने के बाद शांति देवी को घर पर कब्जा दिलवाया गया। इसके बाद शांति की बहू कृष्णा हाईकोर्ट चली गई और आदेश पर स्टे ले लिया। इस मामले में शांति देवी अनर्गल आरोप लगाते हुए छवि को धूमिल करने लगी और झूठे प्रार्थना पत्र देना शुरू कर दिया। मामले में थाना दक्षिण पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।