- मौके पर मिले ब्रांडेड कंपनियों के रेपर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। मिलावटखोरों ने दिवाली पर सेंध लगा ली है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को दक्षिण थाना क्षेत्र स्थित बजरिया इलाके में नकली खाद्य तेल की पैकिंग और मिलावट की सूचना पर बड़ी कार्रवाई की। थोक विक्रेता के यहां से ब्रांडेड तेल कंपनियों के खाली रेफर मिले हैं। जबकि ड्रमों में तेल भरा हुआ मिला। टीम ने दो हजार लीटर तेल को सील कर दिया है।
नगर मजिस्ट्रेट विनोद पांडेय और सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पाण्डेय के नेतृत्व में एसके ट्रेडर्स थोक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर छापे की कार्रवाई की। छापे के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान में बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य तेल का भंडारण पाया। मौके से सरसों का तेल, तिल का तेल और कुकिंग मीडियम (माइल्ड फैट) के खुले ड्रम, भरे हुए पैक और विभिन्न ब्रांडों के खाली रैपर बरामद किए गए। टीम ने चार ड्रमों से तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। कुल दो हजार लीटर से अधिक सरसों का तेल तथा 110 यूनिट माइल्ड फैट जब्त कर लिया। जब्त किए गए सरसों के तेल की अनुमानित कीमत 3.20 लाख रुपये और माइल्ड फैट की कीमत लगभग 21 हजार पांच सौ रुपये बताई जा रही है। विभाग ने इस पर तुरंत प्रभाव से सीज की कार्रवाई की।
सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पांडेय ने बताया कि प्रतिष्ठान के विरुद्ध सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है। यदि निर्धारित समय में सुधार नहीं हुआ तो लाइसेंस निरस्त कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल शर्मा, जितेंद्र कुमार, डॉ सूरज कुमार उपस्थित रहे।