गांव अनवारा में गुरुवार दोपहर राशन डीलर के घर पहुंचे हिस्ट्रीशीटर को रंगदारी मांगने और महिला से छेड़छाड़ करने पर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गांव अनवारा निवासी राकेश यादव (50 वर्ष) पुत्र निरोत्त्त्तम सिंह यादव हिस्ट्रीशीटर है। गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने साथी हिस्ट्रीशीटर गीतम व एक अन्य युवक के साथ गांव के राशन डीलर मुरारीलाल दिवाकर पुत्र बाबूलाल के घर गया था। मुरारीलाल के घर नहीं मिलने पर उसने उसके परिवारीजनों से गालीगलौज कर रंगदारी मांगी। मुरारीलाल के भाई राजकुमार दिवाकर ने विरोध किया तो उसने उसके ऊपर तमंचा तान दिया। वहां मौजूद राजकुमार के परिवार की महिला से छेड़छाड़ कर दी। इससे अन्य लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। इस बीच राजकुमार घर में रखा डंडा निकाल लाया और उसे राकेश के सिर में मार दिया। सिर में डंडा लगते ही राकेश के हाथ से तमंचा छूट गया। खुद को घिरता देख राकेश और उसके दोनों साथी भाग निकले। राजकुमार ने जमीन पर गिरा तमंचा उठा लिया और राकेश का पीछा शुरू कर दिया। करीब दो सौ मीटर दूरी पर उसने राकेश को दो गोली मार दीं। इसके बाद उसके सिर में डंडे से कई बार प्रहार किए। राकेश की मौत होते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। सूचना पर सीओ प्रेमप्रकाश यादव व थाना प्रभारी राजीव यादव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मैं उसे नहीं मारता तो वह मुझे मार देता
हिस्ट्रीशीटर को मौत के घाट उतारने के बाद पुलिस गिरफ्त में आए राजकुमार का कहना है कि यदि वह राकेश को नहीं मारता तो वह उसे व उसके परिवारीजनों को मार देता। उसे डर है कि एक माह बाद उसके पुत्र की शादी है और राकेश के तीन भाई भी अपराधी हैं, फिलहाल वह जेल में हैं। राजकुमार ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
दो दर्जन से अधिक दर्ज हैं मामले
राकेश यादव 1993 में अपहरण व हत्या से अपराध जगत में आया। इसके बाद पशु चोरी व पशुओं की तस्करी करने लगा। उसके अपराधों में उसके भाई सोनपाल, बारेलाल व चंद्रा भी साथ देने लगे। चारों भाईयों का फीरोजाबाद क्षेत्र में ही नहीं आगरा, मथुरा आदि जनपदों में भी आपराधिक इतिहास रहा है। राकेश पर दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। अकेले टूंडला थाने में ही उसके विरुद्ध करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं।
राकेश अपराधी था। उस पर हत्या, लूट, पशु तस्करी जैसे दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। एक मामले में हाल ही में वह जेल से छूटा है वहीं अन्य मामलों में उसके कुर्क वारंट हैं। पुलिस को उसकी तलाश थी। मृतक के भाई सोनपाल, बारेलाल व रामचंद्र उर्फ चंद्रा भी अपराधी हैं। वर्तमान में वह जेल में हैं। हत्यारोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया है।
प्रेम प्रकाश यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी, टूंडला
फोटो-टूंडला के गांव अनवारा में महिलाओं से पूछताछ करते सीओ प्रेमप्रकाश व वह स्थान जहां हिस्ट्रीशीटर राकेश की हत्या की गयी पास में मरी पड़ी बकरी।